Begusarai News : ( विकाश मिश्रा) बेगूसराय जिले में भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. सुबह से ही आसमान से आग बरस रही है, जबकि दोपहर होते-होते गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. तापमान लगातार बढ़ने से सड़कों पर निकलना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
भीषण गर्मी के बावजूद शहर और ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर लोगों की आवाजाही जारी है. बाजार, चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर लोग जरूरी कामों के लिए तेज धूप में निकलने को मजबूर हैं. खासकर मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला चालक और दैनिक कामगार तपती धूप में भी अपनी रोजी-रोटी के लिए पसीना बहाते नजर आ रहे हैं.
दोपहर में सड़कें बनीं गर्म तवा.
दोपहर के समय सड़कें गर्म तवे की तरह तपती दिखीं. तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोग सिर पर गमछा, तौलिया और छाता लेकर चलते दिखाई दिए. वहीं ठंडे पेय पदार्थ, लस्सी और नारियल पानी की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है.
डॉक्टरों ने दी लू से बचने की सलाह.
डॉक्टरों ने लोगों को बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने, अधिक पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ गया है.
बिजली कटौती ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें.
भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. दिनभर उमस और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में भी राहत महसूस नहीं कर पा रहे हैं. कई इलाकों में बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान हैं.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट.
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है.
