Begusarai News: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को मिथिलांचल के प्रसिद्ध ऐतिहासिक झमटिया गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. तड़के सुबह से ही क्षेत्र और दूर-दराज के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र गंगा स्नान के लिए झमटिया घाट पहुंचे. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण ट्रेनें और सड़क मार्ग पूरी तरह पटे नजर आए.
गंगा स्नान के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना
श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने के बाद तट पर स्थित मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने गुरुओं का स्मरण किया. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर और गंगा घाट 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गुंजायमान रहा. पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने अपने-अपने गंतव्य के लिए गंगाजल लेकर प्रस्थान किया.
गुरु पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष आध्यात्मिक महत्व
झमटिया धाम मंदिर के पुजारी बैजनाथ झा ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन पापनाशिनी गंगा में स्नान कर गुरु पूजन करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में शांति व कल्याण की प्राप्ति होती है. उन्होंने कहा कि झमटिया घाट का अपना एक अलग ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है, जहां स्नान करने से श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
NH-28 पर लगा रहा जाम, मुस्तैद रही पुलिस
गुरु पूर्णिमा को लेकर निजी व सार्वजनिक वाहनों की भारी आवाजाही के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-28) पर झमटिया से लेकर बछवाड़ा रेलवे स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
