Begusarai News : बेगूसराय में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते माप-तौल कार्यालय का लिपिक गिरफ्तार

बेगूसराय में निगरानी विभाग की टीम ने माप-तौल कार्यालय के लिपिक पुष्कर कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. बटखारा लाइसेंस के सत्यापन के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से शेष राशि लेते हुए यह कार्रवाई की गई.

Begusarai News (विपिन कुमार मिश्र) : बेगूसराय में निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यहाँ माप-तौल कार्यालय के एक लिपिक (क्लर्क) पुष्कर कुमार को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी उमेश साह द्वारा इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत के अनुसार, बटखारा लाइसेंस के सत्यापन के नाम पर माप-तौल कार्यालय का लिपिक पुष्कर कुमार 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था और पैसा नहीं देने पर लाइसेंस रद्द करने की धमकी दी जा रही थी.

शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग द्वारा इस मामले का सत्यापन कराया गया था. सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई. इसी क्रम में सोमवार को निगरानी विभाग की टीम ने कार्यालय पहुंचकर जाल बिछाया और माप-तौल कार्यालय में अपनी सीट पर बैठे लिपिक पुष्कर कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.

5 हजार पहले ही ले चुका था आरोपी, आगे की पूछताछ जारी

डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी द्वारा कुल 10 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 5 हजार रुपये उसने पहले ही डरा-धमकाकर वसूल लिए थे. इसके बाद शेष बचे 5 हजार रुपये लेते समय निगरानी टीम ने उसे दबोच लिया. इस गिरफ्तारी के बाद कार्यालय परिसर में पूरी तरह से हड़कंप मच गया है. निगरानी विभाग की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. इस कार्रवाई के बाद से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

इसे भी पढ़ें: पटना जू की जमीन पर बढ़ सकता है एयरपोर्ट का रनवे, नया प्लान तैयार, जल्द शुरू होगा सर्वे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >