बेगूसराय में दर्दनाक हादसे के बाद एनएच-31 जाम, भाई-बहन की मौत से भड़का आक्रोश

Begusarai News: बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में एनएच-31 पर सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत के बाद लोगों ने जाम लगाया और अवैध पार्किंग व प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

Begusarai News: (अजय कुमार की रिपोर्ट) बेगूसराय के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित कुरहा ढाला के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई. तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एनएच-31 को जाम कर टायर जलाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया.

घंटों बाधित रहा एनएच-31, यात्रियों को परेशानी

सड़क जाम के कारण एनएच-31 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

अवैध पार्किंग पर लोगों का आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि फोरलेन निर्माण के बाद कुरहा ढाला के पास अवैध पार्किंग की समस्या गंभीर हो गई है. ई-रिक्शा, ऑटो, बस और अन्य वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े रहते हैं, जिससे हर समय जाम और दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते लगातार हादसे हो रहे हैं.

प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

करीब कई घंटों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सुधारने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद एनएच-31 पर आवागमन सामान्य हो सका.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में बनेगा नया IB ऑफिस, जजों को मिलेंगी नई EV गाड़ियां, बिहार कैबिनेट बैठक में 27 प्रस्तावों पर मुहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >