Begusarai News: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को प्रखंड सभागार भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ सुश्री तरणिजा ने की. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया.
बैठक में 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व के दौरान विधि व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं आपसी भाईचारे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएंगी. साथ ही लोगों को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं भी दी गईं.
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बलिया क्षेत्र की पहचान आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक एकता के लिए रही है। यहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहार में शामिल होकर प्रेम और सद्भाव का संदेश देते रहे हैं. बकरीद के अवसर पर भी हमेशा शांति एवं भाईचारे का माहौल कायम रहा है और आगे भी बना रहेगा.
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी सुबोध कुमार ने कहा कि पर्व-त्योहार के समय कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने का प्रयास करते हैं. ऐसे मामलों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के बजाय तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
शराबबंदी को लेकर चलेगा विशेष जांच अभियान
डीएसपी ने बताया कि बकरीद को लेकर शराबबंदी अभियान को और तेज किया जाएगा. दो दिनों तक घर-घर जांच अभियान भी चलाया जाएगा ताकि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके. एसडीओ सुश्री तरणिजा ने कहा कि ईदगाह, मस्जिदों एवं नमाज स्थलों तक जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई नगर परिषद द्वारा कराई जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के अवशेषों को दूसरे स्थानों तक ले जाते समय उसे अच्छी तरह ढंककर सुरक्षित तरीके से ले जाएं, ताकि रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो.
बैठक में शामिल गणमान्य
बैठक में नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी अमीषा कुमारी, प्रखंड प्रमुख ममता देवी, उप प्रमुख सच्चिदानंद पासवान, चिकित्सा प्रभारी डॉ. संजय कुमार, ग्रामीण इंस्पेक्टर राजेश कुमार, मो. जावेद अख्तर, अफाक अंसारी, राजेश अंबष्ट, मो. शाहिद, मनोज दास, ब्रजकिशोर मेहता, मुन्ना महतो, गोपाल सिंह, फरोग उर रहमान, मो. सोहेल, शिवजी सिंह तथा राजद नेता शिव शंकर चन्द्रवंशी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
