शिक्षा-रोजगार को लेकर बेगूसराय में छात्रों ने बुलंद की आवाज, मैराथन में सुबह 5 बजे सड़क पर उतरे सैकड़ों युवा

बेगूसराय में छात्रों की गूँज अभियान के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन हुआ। युवाओं ने शिक्षा और रोजगार के अधिकारों के लिए एकजुटता दिखाई। विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार।

Begusarai Students Marathon : बेगूसराय में रविवार की सुबह कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला. शहर की सड़कों पर सैकड़ों युवा दौड़ते नजर आए और हर कदम के साथ एक संदेश दे रहे थे कि अब छात्र और युवा अपने अधिकारों को लेकर चुप नहीं बैठेंगे. ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित इस मैराथन ने पूरे जिले में एक नई ऊर्जा भर दी.

यह आयोजन छात्रों के अधिकार, शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने के मकसद से किया गया था. कार्यक्रम का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास और शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह अभियान के जिला संयोजक अभिषेक सिंह ने मिलकर किया.

इस मैराथन में जिले के अलग-अलग फिजिकल एकेडमियों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा और आम नागरिक भी शामिल हुए. सुबह का समय होने के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था और हर कोई इस अभियान से खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर रहा था.

सुबह 5 बजे शुरू हुई मैराथन, तय किया लंबा रूट

मैराथन की शुरुआत सुबह 5 बजे जीडी कॉलेज से की गई. वहां से यह दौड़ हरहर महादेव चौक होते हुए सिंघौल तक पहुंची और फिर यू-टर्न लेकर वापस जीडी कॉलेज पर आकर समाप्त हुई. पूरे रास्ते में लोगों ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और कई जगहों पर स्थानीय लोगों की भीड़ देखने को मिली.

अभिषेक सिंह ने बताया कि इस आयोजन में छात्रों, युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों की भागीदारी ने इसे खास बना दिया. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता लाने का एक प्रभावी माध्यम बनते हैं.

नेताओं ने बताया अभियान का उद्देश्य

कार्यक्रम के दौरान शिवप्रकाश गरीब दास ने कहा कि यह मैराथन एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार के नेतृत्व में आयोजित की गई है. उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाना और शिक्षा व रोजगार के मुद्दों पर लोगों को जागरूक करना है.

उन्होंने यह भी कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की एकजुटता का प्रतीक है. इससे यह संदेश गया है कि युवा अब अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को तैयार हैं.

विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार

मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया. प्रथम स्थान हासिल करने वाले को 21000 रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले को 15000 रुपये और तृतीय स्थान पर आने वाले को 11000 रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र दिया गया. इसके अलावा टॉप 10 में शामिल धावकों और धाविकाओं को भी सम्मानित किया गया.

इस मौके पर मौजूद लोगों में रौशन, रूपेश, शिव, फूलचंद, सुनील, रामाशीष, सोनू, रणवीर, बित्तू, भगत, दीपक, आदित्य, पल्लू और अमित समेत कई अन्य लोग शामिल रहे. सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे युवाओं के लिए एक सकारात्मक कदम बताया.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

आयोजकों ने विश्वास जताया कि 2 अगस्त को आयोजित यह मैराथन केवल एक शुरुआत है. आने वाले दिनों में भी छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर इसी तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >