बेगूसराय से शिक्षा, रोजगार और विकास का संदेश, एनडीए नेताओं ने गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं

बेगूसराय में आयोजित मुख्य समारोह में एनडीए सरकार के वरिष्ठ नेताओं ने बिहार के भविष्य के लिए शिक्षा, रोजगार और विकास के रोडमैप पर प्रकाश डाला. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में, मंत्रियों ने राज्य को प्रगति की ओर ले जाने वाली पहलों पर अपने विचार साझा किए.

बेगूसराय: बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप परिसर में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में एनडीए सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिक्षा, रोजगार और बिहार के विकास को लेकर अपने विचार रखे . वक्ताओं ने शिक्षा को राज्य के विकास की आधारशिला बताते हुए सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला .

बेगूसराय आगे बढ़ेगा तो बिहार भी आगे बढ़ेगा : विजय कुमार चौधरी

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जब बेगूसराय आगे बढ़ता है, तभी बिहार आगे बढ़ता है . उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा सुधार की शुरुआत एनडीए सरकार ने की और पिछले 20 वर्षों से इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है . उन्होंने इसे शिक्षा सुधार का दूसरा चरण बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य से राज्य में 211 डिग्री कॉलेज और 551 आदर्श मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं .

दिनकर विश्वविद्यालय और पुल का नामकरण करने की मांग : गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस दिन को बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री से दो महत्वपूर्ण मांगें रखीं . उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर बेगूसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना करने तथा सिमरिया गंगा नदी पर बन रहे सिक्स लेन पुल का नाम भी दिनकर के नाम पर रखने की मांग की . उन्होंने कहा कि पुल परिसर में राष्ट्रकवि दिनकर की प्रतिमा भी स्थापित की जानी चाहिए . गिरिराज सिंह ने बताया कि इस प्रस्ताव को दिशा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर सरकार के पास भेजा जा चुका है .

विकसित भारत की नींव है गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : मिथिलेश तिवारी

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत तभी संभव होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित होगा . उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है .

विकास की नई दिशा में बढ़ रहा बिहार : रामकृपाल यादव

बेगूसराय के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है . सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है .

पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य : संजय कुमार

गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि बिहार सरकार ने राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है . उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराना है, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिल सकें .

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >