बेगूसराय जिले के चमथा दियारा के सभी पांच पंचायतों में आई बाढ़ के बाद विस्थापितों की सुधि लेने जिले के प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे.
मंत्री का काफिला सर्वप्रथम दिन के 10:32 बजे विशनपुर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों की शरण स्थली संकुल संसाधन केंद्र सह मध्य विद्यालय मऊ धनेशपुर नंगरा ढाला स्थित पहुंचे. यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावितों से मिलकर भोजन, दवाई एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त किया.
पशु चारा व पन्नी की शिकायत
पशुपालकों ने मंत्री के समक्ष पशु चारा, पन्नी नहीं मिलने की बातें कही. मंत्री ने अंचल अधिकारी प्रीतम कुमार गौतम को बाढ़ पीड़ितों की शिकायत अविलंब दूर करने का निर्देश दिया. इसके बाद मंत्री का काफिला चमथा दो, चमथा तीन पंचायत के बाढ़ पीड़ितों की शरण स्थली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विद्यापति नगर पहुंचा.
भोजन व सुरक्षा संबंधी समस्याएं
बाढ़ पीड़ितों ने मंत्री को देखते ही जोरदार तरीके से उनके साथ हो रही समस्याओं से अवगत कराया. बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि यहां उन्हें भोजन की समस्याओं से जूझना पड़ता है. बाहर के लोग खाना, पशु चारा समेत अन्य आवश्यक सामग्री लूट लेते हैं.
विरोध करने पर बाहर के लोग बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ जमकर मारपीट भी करते हैं. अंचल अधिकारी ने मंत्री को बताया कि वे लिखित रूप से थाना अध्यक्ष को सूचित कर चुके हैं, इसके बावजूद किसी प्रकार का कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है. मंत्री ने इसे गंभीर बताते हुए वरीय अधिकारी से बात करने की बातें कही.
डीएम को प्लास्टिक शीट का निर्देश
प्रभारी मंत्री ने फोन से बेगूसराय डीएम को प्लास्टिक शीट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया. मंत्री ने कहा कि इस बार बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं. जो परिवार खुले में अथवा अस्थायी ठिकानों पर रहने को मजबूर हैं, उन्हें प्लास्टिक शीट सहित जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बारिश और मौसम की परेशानियों से राहत मिल सके.
राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इस मौके पर पूर्व मंत्री सह बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता, प्रखंड प्रमुख सुधाकर मेहता, बछवाड़ा प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष अमरजीत राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि प्रभाकर राय, बीडीओ डॉ अमित कुमार, सीओ प्रीतम कुमार गौतम, बीपीआरओ विश्वनाथ कुमार, श्रीराम राय, शिबू राउत, राकेश राय, संजय दास व अन्य मौजूद रहे.
