बेगूसराय में अवैध वसूली के खिलाफ वाहन चालकों का आक्रोश मार्च, बैरियर के नाम पर प्रतिदिन 350 रुपये से अधिक वसूली का आरोप

बैरियर के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ सीटू और ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन से संबद्ध ऑल वाहन चालक संघ की बरौनी-तेघड़ा इकाई ने शांतिपूर्ण आक्रोश मार्च निकाला. ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मांग है कि सड़कों पर अवैध वसूली तत्काल बंद हो.

Begusarai auto driver protest: बैरियर के नाम पर सड़कों और चौक-चौराहों पर कथित अवैध वसूली के खिलाफ सीटू एवं ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन से संबद्ध ऑल वाहन चालक संघ की बरौनी-तेघड़ा इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को शांतिपूर्ण आक्रोश मार्च निकाला गया. मार्च में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने हिस्सा लिया. न्यू बरौनी जंक्शन चौक से शुरू हुआ मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए वाटिका चौक पहुंचा, जहां प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया.

बैरियर के नाम पर 350 रुपये से अधिक वसूली का आरोप

प्रतिवाद सभा को संबोधित करते हुए सीटू बेगूसराय जिला महासचिव सह जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के बीच शिक्षित-अशिक्षित युवा और अन्य लोग कर्ज लेकर ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा व छोटे वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन चालकों की मेहनत की कमाई से बैरियर के नाम पर खुलेआम वसूली की जा रही है.

उन्होंने कहा कि बरौनी जंक्शन, न्यू बरौनी स्टेशन, फल मंडी, वाटिका चौक से जीरो माइल चौक और बेगूसराय से हाथीदह तक वाहन चालकों से प्रतिदिन 350 रुपये से अधिक की राशि वसूले जाने का आरोप है. उन्होंने इसे बिहार और खासकर बेगूसराय की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया.

न्यू बरौनी जंक्शन से वाटिका चौक तक निकला मार्च

प्रतिवाद सभा से पहले ऑल वाहन चालक संघ के बरौनी-तेघड़ा इकाई से जुड़े सैकड़ों ई-रिक्शा चालकों ने शांतिपूर्ण आक्रोश मार्च निकाला. मार्च का नेतृत्व सीटू जिला महासचिव अंजनी कुमार सिंह, ऑल वाहन चालक संघ के नेता मुकेश झा, बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार रजक, बिहार राज्य एम्बुलेंस कामगार यूनियन के नेता रामानंद कुमार, बरौनी प्रखंड अध्यक्ष बबलू ठाकुर, संजय रावत और मिथिलेश मिश्र ने किया.

मार्च न्यू बरौनी जंक्शन चौक से शुरू होकर आरकेसी चौक, वाटिका चौक, फल मंडी, दीनदयाल रोड और मिरचैया चौक होते हुए वापस वाटिका चौक पहुंचा. इस दौरान वाहन चालकों ने 'कानून-व्यवस्था दुरुस्त करो', 'टेंडर है पार्किंग का, सड़कों पर अवैध वसूली बंद करो' और 'ऑल वाहन चालक एकता जिंदाबाद' जैसे नारे लगाये.

वाटिका चौक पर हुई प्रतिरोध सभा

वाटिका चौक के पास पहुंचने के बाद मार्च प्रतिरोध सभा में तब्दील हो गया. सभा की अध्यक्षता ऑल वाहन चालक संघ के बरौनी प्रखंड इकाई अध्यक्ष बबलू ठाकुर ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव संजय दास ने किया.

सभा को बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ के नेता विजय कुमार रजक, एम्बुलेंस कामगार यूनियन के नेता रामानंद कुमार, बरौनी वाहन चालक नेता मिथिलेश मिश्रा, बबलू ठाकुर, संजय दास, संजय रावत, दासो प्रसाद, चिंटू कुमार, धर्मवीर कुमार और मोहम्मद आशिक समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया.

अवैध वसूली बंद कराने की मांग

वक्ताओं ने कहा कि वाहन चालक महंगाई और आर्थिक संकट के बीच मेहनत कर अपना परिवार चला रहे हैं. ऐसे में बैरियर या पार्किंग के नाम पर होने वाली कथित अवैध वसूली से उनकी परेशानी और बढ़ रही है. वाहन चालकों ने सड़कों पर अवैध वसूली तत्काल बंद कराने, पार्किंग व्यवस्था को निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित करने और कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.

बेगूसराय: बूढ़ी गंडक तटबंध पर जंगल कटाई में गड़बड़ी का आरोप, बगरस स्लुईस गेट से कमलपुर बांध तक काम पर उठे सवाल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपिन कुमार मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >