Begusarai Ballia Acid Forced To Drink News (कृष्ण कुमार): बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली वारदात सामने आई है. पोखरिया गांव में एक 15 वर्षीय किशोर को कथित रूप से जबरन एसिड पिलाकर गंभीर रूप से घायल करने का खौफनाक मामला शनिवार की शाम प्रकाश में आया है. घायल किशोर की पहचान राजकुमार यादव के 15 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है. पीएचसी बलिया में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां वह इस समय जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.
जेवर चोरी और वापसी से जुड़ा है पूरा विवाद
स्थानीय सूत्रों और परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस रूह कंपा देने वाली वारदात के पीछे सोने के आभूषणों की चोरी का एक पुराना विवाद है. कुछ दिन पूर्व पीड़ित किशोर रोशन कुमार ने अपने ही घर से सोने के जेवरात चोरी कर लिए थे और उन्हें छिपाने के लिए गांव के ही अर्जुन यादव के पुत्र साजन कुमार के पास रखने के लिए दे दिया था. बाद में जब परिजनों को चोरी की भनक लगी और उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की, तो रोशन ने दबाव में आकर साजन कुमार से एक कान की बाली वापस ले ली और घरवालों को सौंप दी. हालांकि, परिवार के लोग शेष बचे जेवर, विशेषकर सोने का झुमका वापस लाने का लगातार दबाव बना रहे थे. इसी वजह से रोशन लगातार साजन कुमार से अपने बाकी जेवर लौटाने की मांग कर रहा था.
समझौते के बहाने चमरिया मैदान में दिया वारदात को अंजाम
आरोप है कि शनिवार को साजन कुमार ने सोची-समझी साजिश के तहत रोशन को आपसी समझौते और बातचीत के बहाने चमरिया मैदान बुलाया. रोशन जब वहां पहुंचा, तो साजन ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की.
इसके बाद आरोपी ने जबरन उसके मुंह में एसिड (तेजाब) उड़ेल दिया, जिससे किशोर का गला और अंदरूनी अंग बुरी तरह झुलस गए और उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई. घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने घायल किशोर को तत्काल उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलिया पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया.
बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करेगी पुलिस
इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस पदाधिकारी रोबिन कुमार दास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस बल तुरंत बलिया अस्पताल पहुंचा था, लेकिन तब तक परिजन गंभीर हालत को देखते हुए घायल किशोर को लेकर बेगूसराय जा चुके थे.
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की टीम सदर अस्पताल में मुस्तैद है और घायल किशोर के होश में आते ही उसके आधिकारिक बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से ही पोखरिया गांव और आसपास के पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है तथा ग्रामीण आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
