बेगूसराय के बलिया में गंगा का पानी बढ़कर सड़क पर आया, पहुंचे अधिकारी, वीडियो देखिए

बेगूसराय में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बलिया प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. प्रशासनिक अधिकारी सतर्क हैं और उन्होंने संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है.

Begusarai Flood News : बेगूसराय में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बलिया प्रखंड क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. एडीएम ब्रज किशोर चौधरी, डीएसपी सुबोध कुमार और सीओ आकाश कुमार ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का दौरा किया.

अधिकारियों ने तुलसी टोल, शादीपुर रोड, ताजपुर और चेचियाही के समीप पहुंचकर गंगा के जलस्तर, सड़क पर पहुंचे पानी और बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान तुलसी टोल, शादीपुर रोड एवं ताजपुर के आसपास गंगा के पानी में वृद्धि देखी गई. वहीं कई जगहों पर पानी सड़क तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है. आगे कुछ वीडियो देखिए...

चेचियाही में की गई विशेष तैयारी

चेचियाही के समीप गंगा का जलस्तर अपेक्षाकृत अधिक पाया गया. इस क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए प्रशासन की ओर से पहले से ही आवश्यक तैयारियां की गई हैं. लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई गई है. इसके अलावा किसी आपात स्थिति में लोगों के आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से एक नाव की भी व्यवस्था की गई है.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों और स्थानीय प्रशासन को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया. साथ ही जलस्तर में होने वाले बदलाव की नियमित जानकारी लेने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया.

प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और राहत संबंधी तैयारियों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन ने गंगा किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. लोगों से जलमग्न क्षेत्रों और नदी के किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.

अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों की सहायता के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >