Minor Girl Molest : बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बच्ची की मां की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 58 वर्षीय आरोपी मनोज केशरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर भेजा.
पुलिस के अनुसार, घटना 17 सितंबर की शाम की बतायी जा रही है. बच्ची की मां ने 19 सितंबर को बखरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर बखरी थाना कांड संख्या 357/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बीएनएस की धारा 127(2)/65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई की है.
खिलौने का लालच देकर घर ले जाने का आरोप
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि 17 सितंबर की शाम करीब सात बजे उनकी सात वर्षीय बेटी घर के बाहर सड़क पर खेल रही थी. इसी दौरान आरोपी मनोज केशरी ने बच्ची को खिलौना देने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया.
आरोप है कि घर ले जाने के बाद आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी रही. 18 सितंबर को उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, लोक-लज्जा और सामाजिक भय के कारण परिजनों ने आपस में विचार-विमर्श करने के बाद 19 सितंबर को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी.
शिकायत मिलते ही आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को लिखित शिकायत मिलने के बाद बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में उपलब्ध साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों को शामिल किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं. पुलिस इन साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है.
वहीं, पीड़ित बच्ची को महिला पुलिस पदाधिकारी के संरक्षण में आवश्यक मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा गया है. मेडिकल परीक्षण के साथ पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. बच्ची की पहचान गोपनीय रखी गयी है.
