Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय की रानी-एक पंचायत के वार्ड नंबर 3 स्थित ऐतिहासिक जट्टा बाबा ठाकुरवाड़ी की जमीन पर स्थानीय विधायक निधि से 43 लाख 33 हजार 700 रुपये की लागत से चहारदीवारी निर्माण कार्य शुरू किया गया है. धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह है. हालांकि चहारदीवारी निर्माण से वार्ड नंबर 3 के लोगों के पारंपरिक आवागमन का रास्ता प्रभावित होने की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से सकारात्मक पहल की मांग की है.
पारंपरिक रास्ता प्रभावित होने की आशंका
ठाकुरवाड़ी की जमीन पर चहारदीवारी बनने से वार्ड नंबर 3 के दर्जनों घरों का पारंपरिक रास्ता प्रभावित हो रहा है. इसी को लेकर मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की आवश्यक बैठक हुई. बैठक में पूर्व जिला परिषद रामोद कुंवर, मुखिया गीता देवी, पूर्व मुखिया उमेश कुंवर कवि, पंसस सदस्य सिकंदर कुमार, सरपंच रिंकू देवी, समाजसेवी अमरकांत राय, लाल बहादुर यादव, उपेंद्र यादव, गोपाल महतो, बिट्टू कुमार समेत अन्य लोग शामिल हुए.
रास्ते के लिए जमीन छोड़ने की मांग
बैठक में सर्वसम्मति से चर्चा की गयी कि यदि क्षेत्र में आवागमन के लिए वैकल्पिक या उचित रास्ता नहीं छोड़ा गया तो भविष्य में लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से आग्रह किया कि निर्माण कार्य के दौरान ही सड़क के लिए जमीन छोड़ी जाये, ताकि मोहल्ले के लोगों का आवागमन सुगम बना रहे.
एंबुलेंस और अग्निशमन को लेकर चिंता
ग्रामीणों ने मुख्य रूप से आपातकालीन परिस्थितियों का हवाला दिया. लोगों ने कहा कि यदि मोहल्ले के लिए पक्का और चौड़ा रास्ता नहीं बना तो किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब होने पर एंबुलेंस का मरीज के घर तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है. इससे समय पर इलाज मिलना प्रभावित हो सकता है. वहीं आगजनी की स्थिति में अग्निशमन वाहन के घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाने की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है. ऐसी स्थिति में वार्ड नंबर 3 के लोगों के लिए चौड़ी सड़क जरूरी है, जिससे वाहनों का आवागमन हो सके.
विवाद नहीं विकास चाहते ग्रामीण
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि वे किसी भी प्रकार के विवाद या टकराव के पक्ष में नहीं हैं. उनका उद्देश्य धार्मिक स्थल का विकास होने के साथ आम जनता को बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना है. ग्रामीण शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख रहे हैं और सड़क निर्माण के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक पहल कर रहे हैं.
बातचीत से समाधान की उम्मीद
स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को उम्मीद है कि प्रशासन, स्थानीय ग्रामीण और प्रतिनिधि जनहित की इस मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे. इससे ठाकुरवाड़ी का विकास सुरक्षित तरीके से हो सकेगा और ग्रामीणों को जीवनोपयोगी रास्ता भी मिल सकेगा. ग्रामीणों की इस पहल को समस्याओं का समाधान आपसी बातचीत और सकारात्मक सोच से निकालने की मिसाल बताया गया. मौके पर संजीव झा, रंजीत दास, संजीत दास, प्रमिला देवी, राहुल दास, शिव नाथ दास समेत अन्य लोग मौजूद थे.
