Begusarai News : जीडी कॉलेज के ओल्ड हॉस्टल को फॉरेन लैंग्वेज रिसर्च सेंटर बनाने के नाम पर अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) ने मामले में पारदर्शिता की मांग की है. संगठन ने विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन से अब तक हुए कार्यों तथा आगे होने वाले कार्यों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है. एआईएसएफ ने मांग पूरी नहीं होने पर कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
कार्यों और आय-व्यय का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग
एआईएसएफ के जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने शिक्षा सहित विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र एसबीएसएस कॉलेज के प्राचार्य को सौंपते हुए कहा कि जीडी कॉलेज के ओल्ड हॉस्टल को फॉरेन लैंग्वेज रिसर्च सेंटर बनाने के नाम पर किए जा रहे कार्यों में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि संगठन विश्वविद्यालय के कुलपति और प्राचार्य से मांग करता है कि इस मामले में हुए तमाम कार्यों और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी सार्वजनिक की जाए. ऐसा नहीं होने पर संगठन यहां से लेकर विश्वविद्यालय तक आर-पार की लड़ाई लड़ेगा.
नियमित कक्षा संचालन और कोर्स पूरा कराने की मांग
एआईएसएफ के प्रतिनिधिमंडल ने नियमित वर्ग संचालन कर निर्धारित समय पर कोर्स पूरा कराने की गारंटी देने की मांग की. संगठन ने छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए कॉलेज प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
विस्तार केंद्र में विश्वविद्यालय का कामकाज शुरू करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जीडी कॉलेज के बैंड पर स्थित विस्तार केंद्र में अविलंब विश्वविद्यालय संबंधी कामकाज शुरू करने की मांग भी की. छात्र संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालय से जुड़े कार्यों के लिए विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
एआईएसएफ ने सौंपा मांग पत्र
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने इन मांगों सहित विभिन्न शैक्षणिक मुद्दों से संबंधित मांग पत्र एसबीएसएस कॉलेज के प्राचार्य अवधेश कुमार सिंह को सौंपा और सभी मांगों को अविलंब पूरा करने की मांग की. इस दौरान एआईएसएफ जिला उपाध्यक्ष वसंत कुमार, नगर सचिव विपिन कुमार, रविभूषण कुमार, सन्नी कुमार और अशरफ मौजूद थे.
Also Read : सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में फार्मेसी के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन मीट आयोजित
