बेगूसराय: बखरी में डिग्री कॉलेज में नामांकन शुरू करने की मांग को लेकर 23 जुलाई को अभाविप करेगी धरना व भूख हड़ताल

बखरी के नवनिर्मित डिग्री कॉलेज में चालू सत्र से नामांकन शुरू न होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आंदोलन का बिगुल फूंका है. कार्यकर्ता 23 जुलाई को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल करेंगे. यह आंदोलन छात्रों की उच्च शिक्षा की राहें आसान बनाने की मांग को लेकर है.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बखरी में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज में चालू सत्र से नामांकन प्रक्रिया शुरू न होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. अभाविप कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर आगामी 23 जुलाई को प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल करेंगे. इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सन्नी कुमार सौरव को लिखित आवेदन देकर आंदोलन की पूर्व सूचना दे दी है.

उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों के चक्कर काटने को मजबूर हैं छात्र

अभाविप के नगर मंत्री सौरभ कुमार ने इसे प्रशासनिक और राजनीतिक विफलता करार देते हुए कहा कि बखरी जैसे पिछड़े अनुमंडल में आजादी के इतने वर्षों बाद भी स्नातक की पढ़ाई की समुचित व्यवस्था न होना यहां के युवाओं के साथ छलावा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेगूसराय, समस्तीपुर और खगड़िया के कॉलेजों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे खासकर छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का आरोप

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक छात्रों की समस्याओं को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं हैं. उन्होंने कहा कि तेघड़ा और बलिया जैसे अन्य अनुमंडलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तत्परता के कारण विश्वविद्यालय को शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति और नामांकन के लिए पत्र जारी कर दिया गया है, लेकिन बखरी में अभी तक कोई सुगबुगाहट नहीं दिख रही है.

विशाल मार्च के साथ शुरू होगा आंदोलन

अभाविप नेताओं ने बताया कि अपनी मांगों के समर्थन में गुरुवार सुबह 9 बजे बखरी के अंबेडकर चौक से सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा, जो प्रखंड कार्यालय पहुंचेगा. वहां कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे.

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस सिंह परमार, नगर सहमंत्री सुशांत पोद्दार, आदित्य कुमार, विकास मेहता, मनीष कुमार सहित कई अन्य छात्र नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >