बखरी डिग्री कॉलेज में नामांकन शुरू कराने की मांग को लेकर ABVP का प्रदर्शन, भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ता

बखरी डिग्री कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू न होने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. सैकड़ों छात्रों ने आक्रोश मार्च निकाला और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है.

Begusarai News: बेगूसराय के बखरी में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज में अब तक नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं होने से गुस्साए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया. सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने आंबेडकर चौक से आक्रोश मार्च निकाला जो प्रखंड कार्यालय तक पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए.

वर्षों से बखरी के छात्रों के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार: अनुभव आनंद

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के जिला संयोजक अनुभव आनंद ने कहा कि बखरी के छात्रों के साथ वर्षों से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. लंबे संघर्ष के बाद डिग्री कॉलेज की स्वीकृति मिली और भवन निर्माण भी पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक नामांकन और पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है. प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्र कुमार और नगर मंत्री सौरभ कुमार ने कहा कि जिले के अन्य प्रखंडों में नए कॉलेजों में नामांकन शुरू हो गया है, जबकि बखरी जैसे अनुमंडल को उपेक्षित रखा गया है.

नामांकन शुरू होने तक जारी रहेगा आंदोलन

नगर अध्यक्ष अशोक प्रियदर्शी और उपाध्यक्ष भास्कर जायसवाल ने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए बखरी के छात्रों को दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे हर साल कई विद्यार्थी दाखिले से वंचित रह जाते हैं. एबीवीपी नेताओं ने साफ कर दिया है कि जब तक नवनिर्मित महाविद्यालय में दाखिला और नियमित पढ़ाई शुरू नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस प्रदर्शन में प्रिंस सिंह परमार, मनीष कुमार, राजेश अग्रवाल, अजय सान्याल, जयशंकर जायसवाल, पुष्पम कुमार, कृष्णा पोद्दार सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >