बेगूसराय: डीईओ के पहल पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने खत्म की भूख हड़ताल

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बखरी के राजकीय डिग्री कॉलेज में स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर 24 घंटे का भूख हड़ताल समाप्त कर दिया है. प्रशासन के आश्वासन के बाद जूस पिलाकर आंदोलन खत्म कराया गया. छात्र-छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता भी समर्थन में थे.

Begusarai News : बेगूसराय के बखरी में राजकीय डिग्री कॉलेज में स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में 24 घंटे से भूख हड़ताल पर बैठे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं का आंदोलन शुक्रवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया. जिला प्रशासन की पहल पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरभ और अंचलाधिकारी उत्पल अमिनय की मौजूदगी में आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई.

आंदोलन को मिला व्यापक समर्थन

भूख हड़ताल के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता पूरी रात प्रखंड कार्यालय परिसर में डटे रहे. आंदोलन को स्थानीय छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिला. सभी ने डिग्री कॉलेज में जल्द नामांकन शुरू कराने की मांग को जायज बताते हुए तत्काल पढ़ाई शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने की पहल

आंदोलन के दौरान दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार ने उच्च शिक्षा मंत्री और जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री से वार्ता कर कॉलेज में शीघ्र पढ़ाई शुरू कराने का आग्रह किया. वहीं जिलाधिकारी ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजकर नवनिर्मित भवन के उपलब्ध कमरों में नामांकन और अध्ययन-अध्यापन शुरू कराने का अनुरोध किया. जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क में है. जल्द ही नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है.

10 दिन का अल्टीमेटम

एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि बखरी में डिग्री कॉलेज की मांग वर्षों पुरानी है और विद्यार्थी परिषद आगे भी छात्रों की लड़ाई लड़ती रहेगी. जिला संयोजक अनुभव आनंद ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर नवनिर्मित भवन में नामांकन शुरू नहीं हुआ तो एबीवीपी चरणबद्ध आंदोलन फिर से शुरू करेगी. इस मौके पर आरएसएस के जिला संघचालक मनोरंजन वर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र कुमार, राजेश अग्रवाल, संतोष गुड्डू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >