Begusarai News : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, पटना के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, बेगूसराय द्वारा शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बेगूसराय के परिसर में जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मेले में रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं और अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं.
22 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1851 अभ्यर्थियों ने जमा किए आवेदन
नियोजन मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 22 नियोजक कंपनियों ने भाग लिया. रोजगार पाने की उम्मीद में पहुंचे अभ्यर्थियों से कुल 1,851 बायोडाटा और आवेदन प्राप्त किए गए. नियोजक कंपनियों ने अभ्यर्थियों के बायोडाटा की स्क्रीनिंग और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद प्रथम चरण में कुल 442 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन किया गया.
युवाओं को करियर और कौशल विकास की दी गई जानकारी
मेले में बेगूसराय और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा एवं अभ्यर्थी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान युवाओं को करियर निर्माण, साक्षात्कार की तैयारी, रोजगार के अवसरों और कौशल विकास से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया. वहीं, विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से युवाओं को जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई.
योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना उद्देश्य
जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था. इसके साथ ही युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान कर कौशल विकास के लिए प्रोत्साहित करना भी कार्यक्रम का उद्देश्य रहा.
अधिकारियों और कर्मियों ने संभाली कार्यक्रम की जिम्मेदारी
इस अवसर पर श्री रणधीर बिहारी, प्रधान लिपिक, श्री धर्मेंद्र पासवान, निम्न वर्गीय लिपिक, श्री पंकज कुमार सिंह (वाईपी), श्री प्रेम प्रकाश उज्जैन, श्री विंध्याचल कुमार, जिला कौशल प्रबंधक सहित जिला नियोजनालय के पदाधिकारी और सभी कर्मी मौजूद रहे.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
