बेगूसराय: 20 लीटर देशी शराब बरामद, पुलिस को देख स्कूटी छोड़कर भागा तस्कर

बेगूसराय जिले में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 20 लीटर अवैध देशी शराब और एक स्कूटी जब्त की है. पुलिस को देखते ही तस्कर स्कूटी छोड़कर भागने में सफल रहा. पुलिस फरार तस्कर की पहचान कर रही है.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के एफसीआई (FCI) थाना पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी को भी जब्त कर लिया है. यह सफलता थाना क्षेत्र के नगर परिषद बीहट अंतर्गत इब्राहिमपुर टोला में मिली है.

पुलिस को देख वाहन छोड़ भागा कारोबारी

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एफसीआई के थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस टीम इब्राहिमपुर टोला के समीप मुस्तैदी के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक स्कूटी सवार व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया. सामने पुलिस बल को सघन चेकिंग करते देख शराब तस्कर के होश उड़ गए और वह पुलिस के डर से स्कूटी को वहीं सड़क पर छोड़कर तंग गलियों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा.

तलाशी में मिली 20 लीटर देशी शराब

तस्कर के भागने के बाद जब पुलिस टीम ने लावारिस स्थिति में छोड़ी गई स्कूटी की सघन तलाशी ली, तो उसमें से कुल 20 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई. पुलिस ने बरामद शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को विधिवत जब्त कर थाने ले आई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार तस्कर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और उसके विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

सघन चेकिंग अभियान में कई अधिकारी रहे मौजूद

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और तस्करों के खिलाफ पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. इस महत्वपूर्ण कार्रवाई और वाहन चेकिंग अभियान के दौरान स्वयं थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, अपर थानाध्यक्ष रोहित कुमार, सब-इंस्पेक्टर (पुअनि) भरत राम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे.

Also Read: बिहार में सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन बेचना हुआ आसान, जानें आवेदन का नया नियम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin kumar raj

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >