तेघड़ा : थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर अयोध्या चौक के पास मंगलवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. सड़क पर लाश पड़े रहने के कारण वाहनों का आवागमन बंद हो गया.
सड़क के दोनों किनारे छोटे- बड़े वाहनों की लंबी लाइन लग गयी. घटना की जानकारी मिलते ही तेघड़ा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.
घटना के संबंध में स्थानीय राजद नेता मो मकबूल आलम ने बताया कि उक्त बुजुर्ग व्यक्ति साइकिल से घर से तेघड़ा बाजार जा रहा था. अचानक सामने से आ रही अज्ञात ट्रक ने उसे अपने चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद ड्राइवर ट्रक समेत फरार हो गया. मृत बुजुर्ग की पहचान चकहेम काजी रसलपुर थाना भगवानपुर निवासी सीताराम तांती के रूप में की गयी है.
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी कजोमा देवी अपने परिवार के साथ तेघड़ा थाना पहुंची. कजोमा देवी ने बताया कि उन्हें सिर्फ चार पुत्री है, जिनकी शादी हो गयी है. कजोमा देवी ने बताया कि उन्हें एक भी पुत्र नहीं है. मृतक ही घर में कमाने वाला था. इस घटना को लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
बरात से लौट रहे तीन युवक सड़क हादसे में जख्मी :खोदावंदपुर. सोमवार की बीती रात दौलतपुर- मालीपुर मुख्य पथ पर राजोपुर नटियाही डीह के समीप बरात से लौट रहे तीन युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गये.जख्मी युवक की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के सागी पंचायत अंतर्गत नुरूल्लाहपुर गांव के वार्ड नंबर छह निवासी राधाकृष्ण महतो का पुत्र वीरेंद्र कुमार, प्रेम कुमार महतो का पुत्र कैलाश कुमार तथा वीरेंद्र के बहनोई विभूतिपुर थाना क्षेत्र के झौरा पकाही निवासी के रूप में की गयी.
जख्मी युवकों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल रोसड़ा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद नाजुक स्थिति देख बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया,जहां उनका इलाज चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नुरुल्लाहपुर गांव से बरात गढ़पुरा थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव गया था. बरात से वापस लौटने के क्रम में नशे में धुत्त एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों ने नटियाही डीह के समीप अनियंत्रित होकर बाइक से फेंका गया. जिससे बाइक क्षतिग्रस्त होकर सभी युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जख्मी तीनों युवक बेगूसराय के निजी अस्पताल में जीवन मौत से जूझ रहे हैं.
