लाइन होटल संचालक के भाई सुजीत राय की दो अगस्त की रात हो गयी थी हत्या
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने पहुंची एफएसएल की टीम
बरौनी : लाइन होटल संचालक के भाई सुजीत राय हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए शुक्रवार को एफएसएल की टीम बरौनी पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की. एफएसएल भागलपुर की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक के परिजनों से लगभग छह घंटे तक पूछताछ की. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भागलपुर के सहायक निदेशक ए के त्रिवेदी ने बताया कि एफएसएल की टीम ने वैज्ञानिक विधि से जांच करने के लिए घटनास्थल से मृतक का खून का सैंपल कलेक्ट किया है. एफएसएल की टीम ने हत्या कांड की गुत्थी सुलझाने के लिए सस्पेक्टेड लोगों के पैर व हाथ के नाखून का सैंपल भी लिया. टीम के सदस्यों ने घटनास्थल पर वैज्ञानिक विधि से जांच-पड़ताल की.
लाइन होटल के संचालक व कर्मचारियों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की. फुलबड़िया के थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि फॉरेसिक विभाग पटना की टीम ने भी घटनास्थल पर फिंगर प्रिंट और फोटोग्राफी लेकर जांच शुरू कर दी है. घटना के संबंध में फुलबडि़या थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है. गौरतलब है कि दो अगस्त को रात में शातिर अपराधियों ने फुलबडि़या थाना क्षेत्र के एनएच 28 पर मालती निवासी लाइन होटल संचालक के भाई संजीत राय की गला रेतकर हत्या कर दी थी. इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी.
पोस्टमार्टम के बाद शव का किया गया अंतिम संस्कार :सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शनिवार की सुबह शव को दाह संस्कार के लिए परिजन सिमरिया गंगा घाट ले गये. कई जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से इसकी निष्पक्ष जांच कराकर दोषी को सजा दिलाने की मांग की है.
हत्या को लेकर तीसरे दिन भी होती रही चर्चा
संजीत राय की अपराधियों के द्वारा गला रेतकर हत्या के तीसरे दिन भी इलाके में चर्चा का बाजार गर्म रहा. तेज धारदार हथियार से युवक को देर रात में गला रेत दिया जाता है और घटनास्थल के ठीक बगल में लाइन होटल कर्मियों को भनक तक नहीं लग पाती है. इलाके के लोगों में इस बात की चर्चा हो रही है कि आखिर संजीत राय का हत्यारा कौन है. कहीं पैसे के लेन-देन को लेकर तो हत्या नहीं की गयी. बताया जाता है कि मृतक संजीत राय कुछ लोगों से पैसे लेन-देन करता था.
इसी बीच कई लोगों के द्वारा उससे बकाया पैसे की मांग की जा रही थी. लोगों के बढ़ते दबाव के कारण संजीत राय जमीन बेचकर लोगों के पैसे वापस करने की प्लानिंग बना रहा था. लेकिन इससे पहले ही अपराधियों ने साजिश के तहत उसे मौत के घाट उतार दिया. इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच में जुटी है.
