बड़हरा : प्रखंड क्षेत्र के एकवना गांव के एक बिहार पुलिस के जवान की पटना में संदिग्ध अवस्था में गुरुवार को मौत हो गयी. मृत पुलिस का जवान राहुल कुमार सिंह, 25 वर्ष, बड़हरा थाना क्षेत्र के एकवना निवासी स्व बीजेंद्र सिंह का पुत्र बताया जा रहा है. स्व. बीजेंद्र सिंह भी बिहार पुलिस के […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
बड़हरा : प्रखंड क्षेत्र के एकवना गांव के एक बिहार पुलिस के जवान की पटना में संदिग्ध अवस्था में गुरुवार को मौत हो गयी. मृत पुलिस का जवान राहुल कुमार सिंह, 25 वर्ष, बड़हरा थाना क्षेत्र के एकवना निवासी स्व बीजेंद्र सिंह का पुत्र बताया जा रहा है. स्व. बीजेंद्र सिंह भी बिहार पुलिस के जवान थे. उनकी मौत वर्ष 2010 में एक होने की बातें बतायी जा रही हैं.
इसके बाद अनुकंपा के आधार पर राहुल की नौकरी वर्ष 2011 में बिहार पुलिस में हुई थी. राहुल उसी समय से आचार्य कुणाल के पुत्र शायन कुणाल के अंगरक्षक थे. गुरुवार की देर शाम मृत पुलिस जवान राहुल का शव उनके पैतृक गांव एकवना पहुंचा. शव के गांव पहुंते ही चारों ओर कोहराम मच गया. माता मंजू कुंवर, चाची पूनम देवी, चाचा दशरथ सिंह का रो-रोकहर बुरा हाल है. वहीं, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों को उसकी मौत की खबर सुनकर विश्वास ही नहीं हो रहा है. गांव वाले उसकी मौत कैसे और कहां हुई है इस बात की चर्चा कर रहे हैं. घर-परिवार वालों के लिए भी यह पहेली बनी हुई है.
वहीं बताया जा रहा है कि वह बुधवार को पटना के बहादुरपुर इलाके में एक दोस्त के यहां गया था. यहां से उसे तबीयत खराब होने के बाद पास के ही मगध हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. इसी हॉस्पिटल में गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलने के बाद ही पटना पुलिस की टीम मगध हॉस्पिटल पहुंची और राहुल के शव को पीएमसीएच लाया गया. राहुल ने खुद जहर खाया या साजिश के तहत खिलाया गया या फिर उसकी किसी अन्य वजह से तबीयत खराब हुई, इन सब पर कयासों का दौर जारी है. घटना के बारे में सिटी एसपी इस्ट राजेंद्र कुमार भील ने बताया है कि मौत के कारणों पर अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ जानकारी मिलेगी.
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था राहुल
राहुल तीन भाइयों में सबसे बड़ा पुत्र था. मृतक के एक भाई दीपक कुमार सिंह भभुआ एक बैक में कार्यरत हैं. दूसरा भाई रवि कुमार सिंह दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है. इस घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कोई भी बताने की स्थिति में नहीं है.