Bihar Politics: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को लगातार झटके लग रहे हैं. बुधवार को कई नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद गुरुवार को भी दो और बड़े नाम पार्टी छोड़ने जा रहे हैं. इससे चुनाव से पहले जन सुराज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.
आज चेतना झांब और श्रुति श्री करेंगी बीजेपी जॉइन
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म निर्माता चेतना झांब और फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री गुरुवार को भाजपा की सदस्यता लेंगी. दोनों नेताओं का बीजेपी में जाना जन सुराज के लिए नुकसान माना जा रहा है.
प्रो. केसी सिन्हा समेत कई नेता हुए बीजेपी में शामिल
इससे पहले 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट से जनसुराज के उम्मीदवार रहे प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.
उनके साथ जनसुराज के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए. वहीं, दीघा विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह और मनेर से पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह ने भी बीजेपी की सदस्यता ली.
प्रशांत किशोर के खिलाफ लगा पोस्टर
पटना में प्रशांत किशोर को लेकर एक पोस्टर भी चर्चा का विषय बना हुआ है. पोस्टर में लिखा है कि केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है. इनको वोट नहीं, नोट चाहिए.
पोस्टर के नीचे सौजन्य: बांकीपुर की जनता लिखा गया है. पोस्टर में प्रशांत किशोर को टोपी और गमछा पहने दिखाया गया है.
बीजेपी में आते ही साधा निशाना
भाजपा में शामिल होने के बाद गोपाल सिंह ने कहा कि अहंकारी व्यक्ति संगठन नहीं चला सकता. उनका आरोप था कि प्रशांत किशोर के पास कोई स्पष्ट विजन नहीं है. वहीं बिट्टू सिंह ने कहा कि अब उनका राजनीतिक भविष्य भाजपा के साथ ही जुड़ा रहेगा. उन्होंने कहा कि अब बीजेपी छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा. जीना यहीं है, मरना यहीं है.
बीजेपी ने किया स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज के कई नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि सभी नए सदस्य संगठन को और मजबूत बनाने का काम करेंगे.
Also Read:बंटी यादव और पंकज राय हत्याकांड में खेसारी लाल यादव की एंट्री, CM सम्राट चौधरी से की यह मांग
