शीशम के पेड़ की छाल में छिपा था सांप, हाथ रखते ही युवक को डंसा, सीएचसी में भर्ती

Banka News : बांका के कटोरिया क्षेत्र में एक युवक को पेड़ की छांव में खड़ा होना भारी पड़ गया. शीशम के पेड़ की छाल में छिपे सांप ने युवक की अंगुली में डंस लिया, जिसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :

आनंदपुर थाना क्षेत्र के असुढा गांव में मंगलवार को सर्पदंश की घटना से हड़कंप मच गया. गांव निवासी 35 वर्षीय गुलजार अंसारी को शीशम के पेड़ के पास खड़े रहने के दौरान सांप ने डंस लिया. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है.

पेड़ की दरार में छिपा था सांप

जानकारी के अनुसार, असुढा गांव निवासी उल्फत मियां के पुत्र गुलजार अंसारी धूप के समय गांव के पास एक शीशम पेड़ की छांव में खड़े थे. इसी दौरान उन्होंने पेड़ पर हाथ रखा, तभी छाल की दरार में छिपे सांप ने उनके हाथ की अंगुली में डंस लिया. अचानक हुए सर्पदंश से युवक घबरा गया और शोर मचाने लगा. आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी.

परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल युवक को तुरंत कटोरिया सीएचसी लेकर पहुंचे. वहां मौजूद चिकित्सक डा शैलजानंद शुक्ला ने युवक का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों के अनुसार, युवक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार जारी है.

गर्मी में बढ़ रही सर्पदंश की घटनाएं

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ गांवों में सांप निकलने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं. ऐसे में खेतों और पेड़ों के आसपास काम करते समय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >