Banka News : शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के एक विद्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. सभी ने पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया.
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने की अपील
विद्यालय के प्राचार्य अनुज कुमार सिंह ने कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी निभाना भी है. उन्होंने कहा कि आज तेजी से हो रही पेड़ों की कटाई के कारण पर्यावरण असंतुलित हो रहा है और कई प्रकार की समस्याएं पैदा हो रही हैं. ऐसे में हर व्यक्ति को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़कर पौधारोपण करना चाहिए.
पौधों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी
विद्यालय के निदेशक कौशल कुमार सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं. इनसे हमें ऑक्सीजन, फल, छाया और स्वच्छ वातावरण मिलता है. इसलिए केवल पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा और देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है. शिक्षिका नेहा कुमारी ने विद्यार्थियों को हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की सलाह दी.
बच्चों को दिया हर घर में एक पौधा लगाने का संदेश
शिक्षिका रीना कुमारी ने कहा कि पेड़ हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें बचाना अपने भविष्य को सुरक्षित करना है. वहीं शिक्षक अशोक यादव ने विद्यार्थियों से अपने घर, खेत या आसपास के खाली स्थानों पर एक-एक पौधा लगाने का आग्रह किया. इस अवसर पर राज नंदनी, पीयूष, समर, सिद्धू, अनुष्का, अक्षय, गौरी सहित अन्य विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया. कार्यक्रम में शिक्षक ऋषिकेश कुमार, निरंजन कुमार, आत्मानंद सिंह, रजनीश कुमार, समीर सिंह राठौड़, सुशांत कुमार, प्रेरणा, रिमझिम, मानसी, विष्णु कुमार, अभिनव कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे.
