न्यूनतम मजदूरी और सुविधाओं को लेकर गरजे मजदूर, मजदूर दिवस पर काम बंद का ऐलान

प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित राज खाद निगम गोदाम परिसर में सोमवार को लोडिंग-अनलोडिंग मजदूरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठायी

बौंसी. प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित राज खाद निगम गोदाम परिसर में सोमवार को लोडिंग-अनलोडिंग मजदूरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठायी. राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) बांका के नेतृत्व में फूड एंड एलाइड वर्कर्स यूनियन इंटक के बैनर तले आयोजित बैठक सह प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला इंटक अध्यक्ष विनय कुमार कापरी ने की. बैठक के दौरान मजदूरों ने एकजुट होकर अपनी प्रमुख मांगों को सामने रखा. इनमें न्यूनतम मजदूरी 11 रुपये 67 पैसे प्रतिदिन लागू करना, बकाया मजदूरी का शीघ्र भुगतान, विश्राम गृह की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार सुविधा, चिकित्सा भत्ता, बीमा सहित अन्य श्रमिक सुविधाएं शामिल हैं. मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गयी, तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे. मजदूरों ने आगामी मजदूर दिवस (1 मई) को विशेष रूप से मनाने और उस दिन काम बंद रखने का भी निर्णय लिया. साथ ही यह भी तय किया गया कि बांका जिले के अंतर्गत राज खाद निगम के सभी प्रखंडों के लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर इस दिन एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से उठायेंगे. जिला इंटक अध्यक्ष ने मजदूरों से 3 मई को पटना में आयोजित होने वाले लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर सेमिनार में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मजदूरों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर उनके अधिकार सुनिश्चित किये जा सकते हैं. मौके पर गोदाम सरदार पंकज कुमार यादव, कुलदीप यादव, प्रमोद यादव, गोल्डन यादव, बालकिशोर यादव, श्रीलाल कुमार, फंटूश कुमार, रूपेश कुमार, अजय कुमार, मुकेश कुमार, परमानंद यादव, विवेकानंद कुमार, संजय कुमार, प्रमोद यादव, अजय राय, भूषण यादव, रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >