बभनगामा महादलित टोला में बंद पड़ा विद्यालय को चालू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

बंद पड़ा विद्यालय को चालू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

अमरपुर. क्षेत्र के बभनगामा महादलित टोला में छह वर्षों से बंद पड़े न्यू प्राथमिक विद्यालय को फिर से चालू कराने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया. ग्रामीण जीवन दास, मुन्ना दास, मिथिलेश दास, छोटू दास, विशाल दास, प्रिंस कुमार, रितेश कुमार, शुभम कुमार, देवधर दास, राजा कुमार, बंटी कुमार सहित अन्य ने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व तक यह विद्यालय सुचारु रूप से संचालित था और उसमें 150 से अधिक बच्चे नामांकित थे. लेकिन गांव के ही एक व्यक्ति ने विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते को अपनी जमीन बताते हुए घेराबंदी कर दी. जिसके बाद विद्यालय का संचालन बंद हो गया और उसे दो किलोमीटर दूर मंडल टोला में स्थानांतरित कर दिया गया. मंडल टोला में स्थित विद्यालय तक पहुंचने के लिए केवल एक पगडंडी है, जो डांड़ के किनारे से होकर गुजरती है. बरसात के मौसम में डांड़ में पानी भर जाने के कारण यह रास्ता डूब जाता है, जिससे बच्चों का स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है. कई बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है. आगे बताया कि बभनगामा स्थित विद्यालय भवन की स्थिति अब जर्जर हो चुकी है, जबकि विद्यालय के नाम पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध है. यदि मापी कराकर वैकल्पिक रास्ता निकाला जाय तो विद्यालय को पुनः चालू किया जा सकता है. प्रदर्शन के दौरान पंचायत के मुखिया सुभाष दास ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार वरीय अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं और पंसस की बैठकों में भी इस मुद्दे को उठाया है. परंतु अब तक मामला जस का तस बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से बंद पड़े विद्यालय को पुन चालू कराने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shubhash baidya

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >