घर में सो रहे दो वर्षीय मासूम को विषैले सर्प ने डंसा, अस्पताल ले जाते समय मौत, परिवार में मचा कोहराम

अमरपुर नगर पंचायत के पंडित टोला में मंगलवार की अहले सुबह एक दुखद घटना हुई, जहाँ घर में सो रहे दो वर्षीय मासूम कृष्णा कुमार की विषैले सर्प के डसने से मौत हो गई. परिजनों द्वारा आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया.

Snake Bite Child Death : सर्पदंश से घर में सो रहे दो वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान वार्ड संख्या-9 निवासी राजेश पंडित के दो वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब तीन बजे कृष्णा अपने घर की फर्श पर सो रहा था. इसी दौरान एक विषैले सर्प ने उसे डंस लिया. बच्चे की तबीयत बिगड़ते ही परिजनों ने बिना देर किए उसे अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया.

बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर

रेफरल अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजन उसे लेकर अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. बाद में चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्चे को मृत घोषित कर दिया.

परिवार में मचा कोहराम

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मां गुड़िया देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. कृष्णा तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था. उसका बड़ा भाई अमर कुमार (4 वर्ष) और छोटी बहन अमृता कुमारी (1 वर्ष) है. ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पिता राजेश पंडित मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं.

पुलिस ने भेजा शव पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलने पर नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार पप्पू तथा वार्ड पार्षद रेखा देवी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया. सूचना पर दारोगा पंकज मांझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया.

आपदा सहायता दिलाने का आश्वासन

उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा को दे दी गई है. उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकारी आपदा राहत योजना के तहत हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. घटना के बाद पूरे पंडित टोला में शोक का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >