मां के अंतिम संस्कार से लौट रहीं दो सगी बहनों को बाइक ने मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर, देवघर रेफर

Katoria Road Accident : कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां के अंतिम संस्कार से घर लौट रही दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं. पीछे से तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गईं, जिनमें से एक की हालत चिंताजनक है.

Katoria Road Accident : कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर बहदिया मोड़ के समीप गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया.

तेज टक्कर से सड़क पर गिरीं दोनों बहनें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहदिया मोड़ के पास पीछे से तेज गति में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस से कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने प्राथमिक उपचार किया. घायल महिलाओं की पहचान बेलहर थाना क्षेत्र के चित्रसेन गांव निवासी सावित्री देवी (40) और चांदन थाना क्षेत्र के बिरनियां गांव निवासी मालती देवी (35) के रूप में हुई है.

मां के अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि दोनों बहनें रिखियाराजदह गांव में अपनी दिवंगत मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने गई थीं. सभी रस्में पूरी करने के बाद वे बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान बहदिया मोड़ के समीप यह हादसा हो गया, जिसने परिवार के दुख को और बढ़ा दिया.

सिर में गंभीर चोट, देवघर किया गया रेफर

चिकित्सकों के अनुसार सावित्री देवी के सिर में गंभीर चोट आई है. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, देवघर रेफर कर दिया गया. वहीं मालती देवी का इलाज कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है. घटना के बाद दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >