कटोरिया में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में मारी टक्कर, 5 लोग घायल

Banka News : कटसकरा मोड़ पर उस समय अफरातफरी मच गयी, जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कटसकरा मोड़ के समीप शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में कराया गया.

ऑटो की मरम्मत कर लौट रहे थे लोग

घटना के संबंध में घायल कार्तिक राय ने बताया कि वह कटोरिया बाजार से ऑटो की मरम्मत कराकर अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान कटसकरा मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे ऑटो में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

तीन घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में घायल लोगों में बजरा-फुलहरा गांव निवासी लाखो राय के पुत्र कार्तिक राय, देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगडुब्बा गांव निवासी राजेश पहाड़िया और उनकी पत्नी अनिता कुमारी शामिल हैं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया पहुंचाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार किया. बताया जा रहा है कि अन्य दो घायलों को मामूली चोटें आई हैं.

हादसे के बाद चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >