बांका. विद्युत विभाग के वरीय अधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान अमरपुर प्रमंडल क्षेत्र में विद्युत विभाग के पदाधिकारी व कर्मी ने घरों की चेकिंग कर एक दिन में 40 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें ज्यादातर ऐसे घर हैं जिनके यहां पूर्व से बिजली बिल बकाया है और विभाग द्वारा लाइन का डिसकनेक्शन किये जाने के बाद भी बिना पैसा जमा किये बिजली का उपयोग किया जा रहा था. साथ ही कुछ ऐसे भी उपभोक्ता हैं जो मीटर को बाइपास कर बिजली का उपयोग कर रहे थे. उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गयी. विभाग के पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, बिजली चोरी होने वाले व लंबे समय से बिजली का बिल नहीं भरने वाले कुछ गांव को चिह्नित किया गया है और पड़ताल कर ऐसे घरों को गठित टीम के द्वारा जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है.
मीटर से छेड़छाड़ व अवैध तरीके से जला रहे बिजली, तो हो जाएं सतर्क
जिलेभर में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया. शहरी व ग्रामीण इलाके में छापेमारी दल ने बिजली चोरी करते भारी संख्या में लोगों को पकड़ा है. सभी लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है. इसके साथ उक्त सभी लोगों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है. आप भी अवैध कनेक्शन से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, तो सावधान हो जाएं और जल्द से जल्द कनेक्शन ले लें, नहीं तो जुर्माना के साथ साथ जेल भी जाना पड़ सकता है. साथ ही जिस उपभोक्ता के पास पूर्व से बिजली बिल बकाया है वो अपना पैसा जल्द से जल्द जमा कर आरसीडीसी कटवा कर अपना लाइन का उपयोग करें.पांच हजार से अधिक बिल बकाया होने पर काटा जा रहा कनेक्शन
जिस उपभोक्ता के पास बिजली विभाग का पांच हजार से अधिक का बिल बकाया हो गया है. वैसे उपभोक्ता को विभाग ने चिह्नित कर उनका लाइन को डिसकनेक्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही उपभोक्ता का कनेक्शन भी तत्काल प्रभाव से काटते हुए बकायेदारों को अपना बकाया जल्द से जल्द अदा करने की हिदायत भी दी जा रही है.बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध विशेष टीम द्वारा छापेमारी अभियान चलाया गया है. टीम चिह्नित गांव व घरों पर पहुंचकर बिजली खपत व चोरी की जांच कर रही है. इस दौरान जो भी लोग दोषी मिल रहे हैं, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा रही है. इसलिए जो लोग बगैर कनेक्शन बिजली का उपयोग कर रहे हैं. आवेदन कर कनेक्शन करा लें. वैध कनेक्शन के बगैर बिजली का उपयोग करते पकड़े जाने पर फाइन के अलावे जेल भी जाना पड़ सकता है. साथ ही जिस उपभोक्ता के पास लंबे समय से बिजली बिल बाकी है, वे भी जल्द से जल्द जमा कर दें, नहीं तो विभागीय कार्रवाई के चक्कर में पड़ना होगा.
