थाना क्षेत्र के चुटिया पहाड़ गांव से 15 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है.
By SHUBHASH BAIDYA | Updated at :
गांव के ही युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप
शंभुगंज. थाना क्षेत्र के चुटिया पहाड़ गांव से 15 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर किशोर को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, चुटिया पहाड़ गांव की पीड़िता नजमा खातून, पति मोहम्मद तौफीक, शनिवार को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने बताया कि उनका छोटा पुत्र दिलशाद अचानक घर से लापता हो गया. पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही मो इमरान उनके पुत्र को अपने साथ ले गया है और तभी से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. नजमा खातून ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र दिव्यांग है, जबकि छोटा पुत्र दिलशाद ही परिवार का मुख्य सहारा था. ऐसे में उसके लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी मोहम्मद इमरान से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे संदेह और गहरा गया है. वहीं युवक के परिजनों ने लगाये गये आरोपों को बेबुनियाद बताया है. इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है.