दौना गांव निवासी मिथुन दास के रूप में हुई शव की पहचान
दौना गांव निवासी मिथुन दास के रूप में हुई शव की पहचान
डटवाटी गांव के समीप मिला था शव, बाइक चोर गिरोह का निकला मास्टर माइंड
अमरपुर. थाना क्षेत्र के डटवाटी गांव के तिनकोनमा मोड़ के पास मुख्य सड़क किनारे गत सोमवार की सुबह मिले 30 वर्षीय एक अज्ञात युवक की शव का 72 घंटे के अंदर शिनाख्त हो गया. शव की पहचान दौना गांव निवासी मिथुन दास के रूप में हुई. शव का विडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ था. बुधवार की सुबह भदरिया पंचायत के गंगापुर गढ़ैल गांव में रह रहे मृतक के रिश्तेदार ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो को देख मृतक की पहचान की. इसके बाद मृतक परिजन अमरपुर थाना पहुंचे व पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस परिजनों को लेकर बांका सदर अस्पताल पहुंचे. वहां मृतक के शव को उनके परिजनों को दिखाया. शव देखते ही परिजनों ने मृतक की पहचान मिथुन दास के रूप में की. पुलिस ने शव को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. बताया जा रहा है कि मृतक अंतरजिला बाइक चाेर गिरोह का मास्टर माइंड था. मृतक के खिलाफ भागलपुर जिले के बाइपास थाना, शाहकुंड थाना, अमरपुर थाना समेत कई थानों में आधा दर्जन प्राथमिकी दर्ज है. जिसकी थानाध्यक्ष के द्वारा बारिकी से जांच की जा रही है. करीब छह माह पूर्व अमरपुर पुलिस ने मिथुन दास को कट्टा, कारतूस व चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था. जेल से जमानत पर रिहा होने के पश्चात मृतक पुनः अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था. पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि वर्चस्व को लेकर बाइक चोर गिरोह के सहयोगियों द्वारा उनकी हत्या की गयी है. इसके बाद शव को डटबाटी गांव के तीनकोनमा मोड़ के समीप फेंककर वे लोग फरार हो गये. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू की बारिकी से जांच की जा रही है. सोमवार को रामपुर गांव स्थित मांझी बहियार में मिले महिला की शव का अब तक शिनाख्त नहीं हो पाया है. जल्द ही महिला के शव का भी शिनाख्त हो जाएगा. फिलवक्त घटना में जांच के दायरा को बढ़ाते हुए अनुसंधान किया जा रहा है.