Banka News : नगर परिषद में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर निर्माण के लिए टेंडर जारी, आवारा कुत्तों की होगी नसबंदी

शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निर्माण कराया जायेगा.

बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट Banka News : शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निर्माण कराया जायेगा. इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. इस परियोजना पर एक करोड़ आठ लाख 85 हजार रुपये खर्च किए जायेंगे. केंद्र का निर्माण नगर परिषद बांका क्षेत्र के अंतर्गत कराया जायेगा. इस योजना के तहत शहर में घूमने वाले आवारा कुत्तों को पकड़कर सेंटर में रखा जाएगा, जहां उनका वैक्सीनेशन, स्वास्थ्य जांच तथा बर्थ कंट्रोल से संबंधित प्रक्रिया की जायेगी. इसके माध्यम से रेबीज जैसी खतरनाक बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ शहर में आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी. साथ ही, विशेषरूप से इन कुत्तों की नसबंदी की जायेगी. नगर परिषद प्रशासन का मानना है कि इस सेंटर के निर्माण से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी तथा शहर में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाने में मदद मिलेगी. नगर परिषद बांका के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा इस योजना को लेकर निविदा जारी कर दी गयी है. जारी कार्यक्रम के अनुसार परिमाण विपत्र प्राप्त करने की तिथि 15 जून से 24 जून तक निर्धारित की गयी है. इच्छुक इसी अवधि में निविदा से संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे. ज्ञात हो कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए डाॅग कैचर व्हीकल बांका पहुंच चुका है. जल्द ही यह एक्टिव मोड में आ जायेगा.

16 जून को प्री बीड मीटिंग

वहीं निर्माण कार्य और तकनीकी पहलुओं को लेकर प्री-बीड मीटिंग 16 जून को आयोजित होगी, जिसमें भाग लेने वाली संवेदक या निर्माण एजेंसीं को परियोजना की विस्तृत जानकारी दी जायेगी. तकनीकी बीड खोलने की तिथि 24 जून निर्धारित की गयी है. तकनीकी जांच पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को कार्य आवंटित किया जायेगा.

छह माह के अंदर होगा निर्माण

नगर परिषद बांका के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के छह महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जायेगा. सेंटर में कुत्तों के रखने, उपचार और वैक्सीनेशन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके अलावा पशुओं की देखभाल के लिए प्रशिक्षित कर्मियों की भी व्यवस्था की जायेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या अधिक गंभीर बनी रहती है. ऐसे में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निर्माण शहर के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल साबित होगा.

एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. टेंडर की प्रक्रिया निर्धारित तिथि में पूरी होने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जायेगा. आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलेगी.

सुमित्रा नंदन, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बांकाB

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Md. tazim

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से स्नातक कर 2018 से अलग-अलग हिंदी न्यूज चैनलों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. न्यूज नेशन में बतौर एसोसिएट प्रोड्यूसर दो साल का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर, बिहार में समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. आसपास घटने वाली चीजों पर बारीकी से नजर बनाए रखना और उसका विश्लेषण कर सरल और समझने योग्य तरीके से खबरों को पेश करने में विशेषज्ञता.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >