बांका : शहर के चांदन नदी तट स्थित भगवान सूर्यदेव मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. श्रद्धालुओं ने सबसे पहले चांदन नदी में पवित्र स्नान किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. इसके बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव मंदिर में पूजा-अर्चना की.
सूर्यदेव मंदिर का पट सुबह 5 बजे ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया था. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही. जिले के अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी.
आज का दर्शन: शहर के मंदिरों में विशेष पूजा
शहर के पुरानी ठाकुरबाड़ी, भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर और विजयनगर स्थित शनि मंदिर में सुबह विशेष पूजा-अर्चना की गयी. शाम को इन मंदिरों में विशेष पूजा के साथ संध्या महाआरती का आयोजन किया जाएगा.
विजयनगर स्थित शनि मंदिर समेत शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के लिए सुबह 5 बजे ही खोल दिये गये.
मंदार मधुसूदन मंदिर में विशेष पूजा
मंदार मधुसूदन मंदिर में भी भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गयी. सुबह 7:30 बजे पुजारी बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान को पंचामृत से स्नान कराया.
दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा. इसके बाद दोपहर 1 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले जाएंगे. शाम 6 बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती का आयोजन होगा.
जिले के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और आरती को लेकर पूरे दिन भक्तिमय माहौल रहने की उम्मीद है.
