बिहार कृषि विश्वविद्यालय ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को बांका व भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान बांका में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम में बदलाव की संभावना को देखते हुए किसानों को कृषि कार्यों में सावधानी बरतने और फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी गयी है.
पूर्वानुमान के मुताबिक बांका में अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास रह सकता है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80-85 प्रतिशत तथा दोपहर और रात में 86-92 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. इस अवधि में 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है. वहीं, आंधी के दौरान हवा की गति बढ़कर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
धान की फसल में खरपतवार पर रखें नजर
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मौसम की स्थिति के अनुसार फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है. धान की फसल में कम वर्षा की स्थिति में खरपतवार की वृद्धि बढ़ सकती है. ऐसे में किसानों को समय पर निराई-गुड़ाई करने को कहा गया है, ताकि खरपतवार के कारण फसल की वृद्धि प्रभावित न हो.
खरीफ मक्का की फसल में तना बेधक के प्रकोप पर नजर रखने की सलाह दी गयी है. प्रभावित पौधों में लक्षण दिखाई देने पर अनुशंसित दवा का प्रयोग करने को कहा गया है. किसानों को फसल में कीट के लक्षणों की पहचान कर समय पर आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गयी है.
अरहर और सब्जियों के लिए खेत की तैयारी पूरी करें
अरहर की फसल में आवश्यकतानुसार गैप फिलिंग, छंटाई और निराई-गुड़ाई करते रहने को कहा गया है. इसके अलावा सितंबर में बोई जाने वाली अरहर, सब्जी सहित अन्य फसलों के लिए खेत की तैयारी पूरी करने की सलाह दी गयी है. किसानों को मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने और फसलों में किसी भी प्रकार के रोग या कीट के लक्षण दिखाई देने पर समय पर आवश्यक उपाय करने को कहा गया है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को बारिश और तेज हवा की संभावना के बीच किसानों को खेतों में जलजमाव की स्थिति पर भी नजर रखनी चाहिए. कृषि वैज्ञानिकों ने फसलों की स्थिति के अनुसार आवश्यक कृषि कार्य करने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें : बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, इन इलाकों में आंधी-ठनका का भी खतरा
