बांका-देवघर रेलखंड : नावाडीह हॉल्ट के समीप पैसेंजर ट्रेन पर पथराव, 10 वर्षीय किशोर गंभीर

Banka News: बांका-देवघर रेलखंड पर शरारती तत्वों ने पैसेंजर ट्रेन को निशाना बनाया. पथराव में जमालपुर का 10 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गयी.

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट :

बांका-देवघर रेलखंड पर एक बार फिर शरारती तत्वों की हरकत से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. नावाडीह हॉल्ट के समीप चलती पैसेंजर ट्रेन पर किए गए पथराव में एक 10 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, वर्धमान से जमालपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन जब झारखंड के नावाडीह हॉल्ट के पास धीमी हुई, तभी अज्ञात शरारती तत्वों ने ट्रेन पर अचानक पथराव शुरू कर दिया. इसी दौरान एक पत्थर जमालपुर निवासी टिंकुल प्रसाद के 10 वर्षीय पुत्र आरव राज को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

घटना के बाद ट्रेन में मचा हड़कंप

पत्थर लगते ही ट्रेन के कोच में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. लोग डर के कारण सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे. घायल किशोर को देखकर परिजन घबरा गए और यात्रियों ने तुरंत ट्रेन कर्मियों को घटना की जानकारी दी. यात्रियों के हंगामे के बाद जब ट्रेन मानिकपुर स्टेशन पहुंची तो पीड़ित परिवार ने रेल थाना को पूरे मामले की सूचना दी.

आरपीएफ जवानों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ जवान सक्रिय हुए और घायल किशोर को तत्काल चांदन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार किशोर के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई है.

रेल यात्रियों में बढ़ा डर

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से रेल यात्रियों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से इस मामले की गंभीर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि रेलखंड के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >