बांका. एसपी अमितेश कुमार ने गुरुवार को सुईया थाना एवं जिलेबिया मोड़ थाना का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थानों में संचालित पुलिसिंग व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की और अपराध नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. एसपी ने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के साथ क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया.
पुराने और लंबित कांडों का जल्द करें निष्पादन
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुराने एवं लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने अनुसंधान में अनावश्यक विलंब नहीं करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इसके साथ ही फरार अभियुक्तों और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा. क्षेत्र में नियमित गश्ती और वाहन जांच को भी प्रभावी बनाने का निर्देश दिया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके.
संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर
एसपी ने चिन्हित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा.
अवैध शराब की तस्करी और अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ भी रणनीति तैयार कर सघन कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया गया. एसपी ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशीलता के अनुसार पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
स्टेशन डायरी से महिला हेल्प डेस्क तक की जांच
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया. उन्होंने स्टेशन डायरी, विभिन्न पंजियों के रखरखाव, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
एसपी ने पुलिस अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और थाना स्तर पर पुलिसिंग से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया.
सुईया थाना पहुंचने पर मिला गार्ड ऑफ ऑनर
सुईया थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों ने एसपी अमितेश कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ सुमित शेखर, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, जिलेबिया मोड़ थानाध्यक्ष राजू कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे.
