लूट की छह किलो चांदी व 22 ग्राम सोना बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बाराहाट थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुए चर्चित स्वर्ण कारोबारी लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.

स्वर्ण कारोबारी से लूटकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बाराहाट. बाराहाट थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुए चर्चित स्वर्ण कारोबारी लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गढ़ी स्थित एक स्वर्ण कारोबारी की दुकान में छापेमारी कर करीब छह किलो चांदी एवं 22 ग्राम सोना बरामद किया है. इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई बौंसी सर्किल के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में की गयी.

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2025 को बाराहाट थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर परिसर स्थित स्वर्ण कारोबारी अमित कुमार के घर भीषण चोरी एवं लूट की घटना हुई थी. मामले में अमित कुमार द्वारा नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. घटना के बाद से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है तथा अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही के आधार पर गढ़ी स्थित एक स्वर्ण कारोबारी की दुकान पर संदेह हुआ था. इसी आधार पर पुलिस ने पूर्व में दुकान को सील कर दिया था. गुरुवार रात मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दुकान की सील तोड़कर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान दुकान से लगभग छह किलो चांदी एवं 22 ग्राम सोना बरामद किया गया. पूछताछ में दुकानदार ने पुलिस को बताया कि बरामद जेवरात उसी लूटकांड से जुड़े हैं, जिन्हें घटना में शामिल चोरों ने उसके पास बेच दिया था. इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार, पुलिस पदाधिकारी बृजेश कुमार तथा टेक्निकल सेल की टीम शामिल रही. शुक्रवार को बाराहाट थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस की पूछताछ एवं तकनीकी जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >