Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के शुभारंभ के साथ गुरुवार से लाखों शिवभक्तों की आस्था यात्रा शुरू हो गई. बांका जिले के 55 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने इस बार व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि देशभर से आने वाले कांवरियों को पूरी यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
पांच टेंट सिटी में ठहरेंगे हजारों कांवरिये
कांवरियों के विश्राम के लिए पांच आधुनिक टेंट सिटी तैयार की गई हैं. अबरखा में 600, रंगनियां में 200, गोडियारी में 250, लोटनियां में 300 और भैरोपुर में 500 बेड सहित कुल 1,850 बेड की व्यवस्था की गई है. सभी टेंट सिटी में बाबा बैद्यनाथ मंदिर का लाइव प्रसारण, जीविका दीदी की रसोई, सुधा मिल्क पार्लर, स्वच्छ पेयजल, स्नानागार, शौचालय तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग आवास की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
कंट्रोल रूम से होगी पल-पल की निगरानी
श्रावणी मेला की निगरानी के लिए कटोरिया में जिला नियंत्रण कक्ष और जिलेबिया मोड़ पर उप नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष फोकस
श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 21 मेडिकल टीमों में 58 चिकित्सक और 225 स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके साथ ही 16 अत्याधुनिक एम्बुलेंस जीवनरक्षक उपकरणों और आवश्यक दवाओं के साथ चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी. मेला क्षेत्र की सभी दुकानों पर डस्टबीन रखना और अग्नि सुरक्षा के लिए बालू की व्यवस्था अनिवार्य की गई है.
647 चापाकल, 350 शौचालय और 18 पार्किंग जोन तैयार
कांवरिया पथ पर पीएचईडी की ओर से 647 चापाकल, 350 शौचालय और 294 स्नानागार स्थापित किए गए हैं. नियमित सफाई के लिए विशेष कर्मियों की तैनाती की गई है. वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 18 पार्किंग जोन बनाए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कांवरिया पथ पर किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा.
