Banka News: बांका जिले के रजौन निवासी और शिवमणि वेलफेयर एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव शिवपूजन सिंह को समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'अंग गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया. यह सम्मान रविवार को भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित अंग शिखर सम्मेलन में प्रदान किया गया, जहां अंग प्रदेश के 12 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
सम्मेलन के दौरान आयोजकों ने शिवपूजन सिंह को अंगवस्त्र और अंगराज दानवीर कर्ण की स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर उनके सामाजिक कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना की गई.
2010 से जरूरतमंदों के लिए कर रहे हैं लगातार काम
शिवपूजन सिंह वर्ष 2010 से बांका और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय हैं. उनकी संस्था शिक्षा के प्रसार, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य जागरूकता, कृषि विकास, महिला एवं बाल संरक्षण, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है.
स्थानीय स्तर पर चलाए गए इन अभियानों से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों और बच्चों को लाभ मिला है. इसी सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के लिए उन्हें 'अंग गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया.
अंग प्रदेश के 12 जिलों की रही सहभागिता
भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित अंग शिखर सम्मेलन में अंग प्रदेश के 12 जिलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना था.
सम्मेलन में सम्मानित होने के बाद शिवपूजन सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पहुंचाने के लिए उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने भविष्य में भी जनहित के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
