शंभुगंज,(बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट: बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोल्ड ड्रिंक लदे ट्रक से विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई खपड़ा गांव के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
गांव के पास खड़ा था संदिग्ध ट्रक
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालक की पहचान खपड़ा गांव निवासी रामटहल तांती के पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है. उसके साथ जगदीश यादव के पुत्र छोटू Kumar को भी गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक विक्रम कुमार कोलकाता से कोल्ड ड्रिंक लोड कर ट्रक के जरिए कटिहार जा रहा था. विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त रहने के कारण ट्रक को बांका-शंभुगंज होते हुए मुंगेर मार्ग से ले जाया जा रहा था. इसी दौरान चालक अपने गांव खपड़ा के पास ट्रक खड़ा कर रुका हुआ था. तभी पुलिस को सूचना मिली कि ट्रक में शराब छिपाकर रखी गई है.
तलाशी में निकली विदेशी शराब
सूचना मिलते ही शंभुगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की. जांच के दौरान ट्रक से 775 एमएल की 12 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 9 लीटर बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से चालक विक्रम कुमार और उसके सहयोगी छोटू कुमार को गिरफ्तार कर थाना लाया. पूछताछ के दौरान पुलिस को शराब तस्करी से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं.ट्रक ड्राइवरी की आड़ में चल रहा था कारोबार
पुलिस का कहना है कि चालक विक्रम कुमार लंबे समय से ट्रक चालक की आड़ में शराब तस्करी के में संलिप्त था. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से शराब तस्करों में डर का माहौल बन गया है.
