बांका के शंभुगंज में खाद विक्रेताओं का अल्टीमेटम: थोक व्यापारियों पर महंगे दामों में यूरिया-DAP बेचने का आरोप; उठाव बंद करने की चेतावनी

शंभुगंज के खुदरा खाद विक्रेताओं ने थोक व्यापारियों पर सरकारी दर से अधिक कीमत पर यूरिया व डीएपी बेचने का गंभीर आरोप लगाया है. समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने खाद का उठाव बंद करने और विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है.

शंभुगंज (बांका). शंभुगंज बाजार में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की महत्वपूर्ण बैठक रिटेल फर्टिलाइजर एंड फार्मर वेलफेयर फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में थोक विक्रेताओं द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित दर पर रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं कराने समेत कई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. खुदरा विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें यूरिया, डीएपी समेत अन्य उर्वरक ऊंची कीमत पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

थोक विक्रेताओं पर निर्धारित दर से अधिक कीमत लेने का आरोप

बैठक में दुकानदारों ने कहा कि थोक स्तर पर ही उन्हें सरकारी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद उपलब्ध करायी जा रही है. उनका कहना था कि महंगे दाम पर उर्वरक मिलने के कारण किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराना उनके लिए मुश्किल हो रहा है.

विक्रेताओं ने कहा कि इसका सीधा असर खुदरा दुकानदारों पर पड़ रहा है. एक ओर उन्हें थोक स्तर पर अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने का दबाव रहता है. ऐसी स्थिति में किसानों के आक्रोश के साथ प्रशासनिक कार्रवाई का सामना भी खुदरा विक्रेताओं को करना पड़ता है.

सरकारी दर पर खाद नहीं मिली तो उठाव करेंगे बंद

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि यदि थोक विक्रेताओं से सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं करायी गयी तो खुदरा विक्रेता उर्वरक का उठाव पूरी तरह बंद कर देंगे.

विक्रेताओं ने यह भी चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे. उनका कहना था कि थोक और खुदरा स्तर पर उर्वरक की कीमत को लेकर स्पष्ट व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि किसानों को भी निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध करायी जा सके.

कृषि पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बैठक के बाद खुदरा उर्वरक विक्रेताओं का एक शिष्टमंडल प्रखंड कृषि पदाधिकारी संकेत कुमार तिवारी से मिला. शिष्टमंडल ने अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन बीएओ को सौंपा.

विक्रेताओं ने विभाग से थोक स्तर पर निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि खुदरा दुकानदार किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध करा सकें.

शिकायत जिला कृषि पदाधिकारी को भेजी जा रही

प्रखंड कृषि पदाधिकारी संकेत कुमार तिवारी ने बताया कि खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की ओर से प्राप्त शिकायत पत्र को अग्रतर कार्रवाई के लिए जिला कृषि पदाधिकारी को भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि मामले में उचित स्तर पर कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा.

दर्जनों खुदरा विक्रेता रहे मौजूद

बैठक में क्षेत्र के दर्जनों खुदरा उर्वरक विक्रेता मौजूद रहे. विक्रेताओं ने कहा कि किसानों को समय पर और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना जरूरी है. इसके लिए थोक और खुदरा स्तर पर मूल्य निर्धारण की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >