कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :
बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गयी, जब जगासार जंगल के पास बाइक से देवघर जा रहे एक शिक्षक पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. आठ-दस की संख्या में घात लगाए बदमाशों ने शिक्षक पर कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और बाइक की चैन से ताबड़तोड़ वार किए. हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अपराधी 50 हजार रुपये नकद और घड़ी लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है.Jagasar Jungle में खून से लथपथ मिले शिक्षक
घायल शिक्षक की पहचान ज्योतिष कुमार यादव के रूप में हुई है. वे प्राथमिक विद्यालय भोंड़ीसीमर में पदस्थापित हैं और कटोरिया थाना क्षेत्र के तसरिया गांव के रहने वाले हैं. बताया गया कि मंगलवार शाम वे अपने 15 वर्षीय चचेरे भाई प्रवीण कुमार के साथ बाइक से देवघर जा रहे थे. गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे तसरिया-तीनसीमानी मार्ग स्थित जगासार जंगल के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया. बदमाशों ने कुल्हाड़ी, रॉड और बाइक की चैन से बेरहमी से हमला किया, जिससे शिक्षक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े.
50 हजार कैश और घड़ी लूटकर फरार हुए बदमाश
हमले के दौरान अपराधियों ने शिक्षक की जेब से 50 हजार रुपये नकद और हाथ में पहनी घड़ी भी छीन ली. घटना के वक्त मौजूद शिक्षक का चचेरा भाई किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला और गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शिक्षक को इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.अस्पताल में चला इलाज, शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
कटोरिया सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ देवेंद्र कुमार ने घायल शिक्षक का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार शिक्षक के शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान मिले हैं. हालत को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है.
