बालिका शिक्षा को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

धौरैया प्रखंड में समग्र सेवा संस्था के बैनर तले शिक्षा सेवकों और तालीमी मरकज प्रतिनिधियों ने बालिका शिक्षा को मजबूत करने का संकल्प लिया

धोरैया. धौरैया प्रखंड में समग्र सेवा संस्था के बैनर तले शिक्षा सेवकों और तालीमी मरकज प्रतिनिधियों ने बालिका शिक्षा को मजबूत करने का संकल्प लिया. प्रखंड संसाधन केंद्र में आयोजित बैठक में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. बैठक की अध्यक्षता बीईओ बिभाष कुमार ने की, जबकि सह-अध्यक्षता केआरपी अभिषेक कुमार ने किया. मुख्य फोकस समाज के अंतिम छोर पर रहने वाली बेटियों को स्कूल से जोड़ना और उनकी नियमित हाजिरी सुनिश्चित करना रहा. प्रतिनिधियों ने घरेलू बोझ, भाई-बहनों की देखभाल व अभिभावकों की जागरूकता की कमी को प्रमुख बाधाएं बताया. बीईओ बिभास कुमार ने कहा कि बालिका शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का आधार है. जब तक अंतिम पंक्ति की बच्चियां पढ़ेंगी नहीं, विकास अधूरा रहेगा. शिक्षा सेवक और तालीमी मरकज इस बदलाव के स्तंभ हैं. केआरपी अभिषेक कुमार ने घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने की अपील की. बैठक में आगामी सत्र के लिए कार्ययोजना बनी, इसमें टोले-टोले बैठकें, 7 से 14 वर्ष की आउट-ऑफ-स्कूल बालिकाओं का नामांकन और प्रधानाचार्यों से समन्वय शामिल है. समग्र सेवा के जिला समन्वयक सुधांशु शेखर ने जोर देकर कहा कि लड़के को पढ़ाओ तो एक व्यक्ति शिक्षित होता है, लड़की को पढ़ाओ तो पूरी पीढ़ी शिक्षित होगी, इसमें संस्था पूर्ण सहयोग देगी. एक भी बेटी शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी, ऐसा सामूहिक शपथ लिया गया. मौके पर अश्विनी कुमार, आनंद मोहन यादव, टूसी कुमारी, शिल्पा कुमारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षा सेवक उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dhiraj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >