Banka Power Crisis : बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 11 स्थित विदनचक मुहल्ले में लंबे समय से बिजली की बदहाल व्यवस्था से परेशान लोगों ने मंगलवार को विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. आक्रोशित वार्डवासियों ने बिजली कार्यालय पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की.
लो वोल्टेज और बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन कर रहे शिवेंद्र राणा, निरंजन राणा, रूबेश कुमार, सुबोध मांझी, संतोष साह, आशीष कुमार, पारस कुमार और पवन राणा समेत अन्य लोगों ने बताया कि वे नगर क्षेत्र के उपभोक्ता हैं और शहरी दर से बिजली बिल का भुगतान करते हैं. इसके बावजूद उन्हें ग्रामीण क्षेत्र के कोलबुजुर्ग फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है. फीडर का दायरा बड़ा होने के कारण नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल पा रही है.
एक ट्रांसफॉर्मर के भरोसे पूरा मुहल्ला
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे विदनचक मुहल्ले में केवल एक ट्रांसफॉर्मर लगा है, जिससे आए दिन लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है. कई बार अचानक हाई वोल्टेज आने से घरों में लगे पंखे, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण भी जल चुके हैं. सोमवार रात ट्रांसफॉर्मर जल जाने के बाद पूरा मुहल्ला अंधेरे में डूब गया.
बिजली पोल की भी है कमी
वार्डवासियों ने बताया कि अमरपुर बाजार से विदनचक की दूरी करीब 1.5 किलोमीटर है, लेकिन लगभग एक किलोमीटर तक ही बिजली के पोल लगाए गए हैं. कई पोल नाले के बीच स्थित हैं, जिससे बिजली व्यवस्था और रखरखाव दोनों प्रभावित होते हैं. लोगों ने शेष क्षेत्र में नए बिजली पोल लगाने की भी मांग की.
विभाग को सौंपा आवेदन, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अरविंद कुमार को लिखित आवेदन सौंपकर विदनचक मुहल्ले में दो नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, शेष क्षेत्र में बिजली के पोल लगाने तथा मुहल्ले को शहरी फीडर से जोड़ने की मांग की.
सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. विभागीय कर्मियों को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकता के आधार पर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
