कैरी शरीफ में गंदगी ने डाला डेरा, उर्स स्थल तक पहुंचना हुआ मुश्किल

Banka News:बौसी प्रखंड का मुस्लिम बहुल गांव काजी कैरी, जहां प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैरी शरीफ स्थित है, इन दिनों गंदगी की समस्या से जूझ रहा है. सफाई व्यवस्था की कमी के कारण न केवल स्थानीय लोग परेशान हैं, बल्कि जनवरी माह में आयोजित होने वाले भव्य उर्स में आने वाले करीब 50 हजार जायरीनों के लिए भी रास्ते कठिन हो गए हैं.

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट : स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार लगातार गांवों और शहरों को स्वच्छ बनाने के अभियान चला रही है, और पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की तैनाती भी की गई है. इसके बावजूद प्रखंड क्षेत्र का ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण काजी कैरी गांव गंदगी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है.

गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग पर नाले का गंदा पानी बह रहा है, जिससे सड़क कीचड़ और दुर्गंध से भर गई है. पैदल चलना मुश्किल हो गया है और चारों तरफ फैली गंदगी और सड़ांध से ग्रामीणों के साथ आने-जाने वाले लोग भी परेशान हैं.ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा नियुक्त सफाई कर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हैं. नियमित सफाई न होने के कारण गांव में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा है. स्थानीय निवासी शहबाज, गब्बर, अब्दुल और शकील ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. उनका कहना है कि धार्मिक महत्व वाले इस गांव की उपेक्षा प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है.

जायरीन के लिए खतरा और प्रशासन से मांग

कैरी शरीफ में हर साल जनवरी माह में भव्य उर्स का आयोजन होता है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से करीब 50 हजार से अधिक जायरीन शामिल होते हैं. श्रद्धालु यहां चादरपोशी करते हैं और अमन-चैन की दुआ मांगते हैं. लेकिन मौजूदा सफाई व्यवस्था की खराबी के कारण उर्स के दौरान आने वाले हजारों जायरीन के सामने गांव की खराब छवि जाएगी.ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालियों की नियमित सफाई कराने और पूरे गांव में स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्दी सुधार नहीं हुआ, तो उर्स स्थल तक पहुंचने वाले जायरीन और स्थानीय लोगों दोनों के लिए समस्या बनी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >