बांका जिले में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण भारी बारिश का दौर थमा हुआ है. हालांकि मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने बांका, भागलपुर सहित दक्षिण-पूर्वी बिहार के अन्य जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
सुबह तेज धूप, दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार सुबह जिले में तेज धूप रह सकती है, जबकि दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है. मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गयी है.
दक्षिण और पश्चिमी दिशा से करीब 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. जिले में औसत आर्द्रता करीब 71 से 82 प्रतिशत के बीच रह सकती है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
16 सितंबर तक बारिश और आंधी-बिजली की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने 16 सितंबर तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार इस दौरान जिले में बादल छाए रहने की संभावना है. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पूर्वानुमान के मुताबिक 12 और 13 सितंबर को करीब 20.20 मिलीमीटर, जबकि 14, 15 और 16 सितंबर को करीब 10.10 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान जताया गया है. अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
इस दौरान हवा की गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने तथा दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवा चलने का अनुमान है. 16 सितंबर तक आंधी, बिजली चमकने और तेज सतही हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गयी है.
किसानों को फसलों की निगरानी की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को खेतों और फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी गयी है. मौसम खराब होने के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर नहीं रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेने की अपील की गयी है.
