आग लगने से दुकान व मकान के करीब दो लाख की संपत्ति राख

बौंसी-हंसडीहा मुख्य मार्ग के ब्लॉक मोड़ समीप चाय नाश्ते की दुकान शुक्रवार की देर रात अग्नि की भेंट चढ़ गयी.

बौंसी. बौंसी-हंसडीहा मुख्य मार्ग के ब्लॉक मोड़ समीप चाय नाश्ते की दुकान शुक्रवार की देर रात अग्नि की भेंट चढ़ गयी. घटना में दुकान में रखा सारा सामान व अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह से राख हो गयी. अनुमान लगाया जा रहा है कि अगलगी की घटना में करीब डेढ़ से 2 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर बर्बाद हो गयी. दुकान के मालिक बरमसिया गांव निवासी विकास कुमार ने बताया कि वह अपने घर पर थे, जबकि दुकान पर पप्पू कुमार मौजूद था. बताया जाता है कि वह अपने परिवार के साथ दुकान के पीछे बने घर में सो रहा था. इसी दौरान दुकान में अचानक आग लगने पर वह घर से निकला. शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गये, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर दुकान के साथ-साथ उसके घर को भी अपनी चपेट में ले लिया. काफी देर के बाद बाराहाट से दमकल की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन इस दौरान घर में रखा पलंग, गोदरेज, फ्रीज, कपड़ा, नकद रुपये के साथ-साथ खाने पीने की सारी सामग्री जलकर राख हो गयी. दुकान मालिक ने आशंका व्यक्त की है कि किसी असामाजिक तत्व के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है. मुआवजा के लिए सीओ को आवेदन देने की बात उन्होंने कही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >