बाबा ब्रह्मदेव स्थान करनावै में सीताराम विवाह महोत्सव की तैयारी तेज, दो जून से गूंजेगा अखंड कीर्तन
Banka News : पुरुषोत्तम मास में भक्ति के रंग में डूबेगा करनावै गांव. दो जून से अखंड कीर्तन शुरू हो जायेगा.तीन जून की रात को भव्य सीताराम विवाह उत्सव मनाया जायेगा. मंदिर परिसर में सजावट, रंग-रोगन और लाइटिंग का काम जोर-शोर से जारी है.
बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका सदर प्रखंड क्षेत्र के करनावै गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मदेव स्थान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय अखंड कीर्तन सह सीताराम विवाह महोत्सव ज्ञान यज्ञ को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. आगामी दो जून से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि ग्रामीण भी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं.
दो जून से शुरू होगा अखंड कीर्तन
आयोजनकर्ता निरंजन कुमार सिंह ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बाबा ब्रह्मदेव स्थान करनावै में श्री श्री 108 अखंड कीर्तन सह एक दिवसीय सीताराम विवाह उत्सव ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है.उन्होंने बताया कि दो जून को दिन के तीन बजे से अखंड कीर्तन की शुरुआत होगी. इस दौरान कथा व्यास सह रामकृपाल जी और शंकर जी के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा.
तीन जून को होगा सीताराम विवाह महोत्सव
तीन जून को दिन में तीन बजे हवन-पूजन और कलश विसर्जन के साथ अखंड कीर्तन का समापन किया जाएगा. इसके बाद संध्या सात बजे से भव्य सीताराम विवाह उत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा.धार्मिक कार्यक्रम में श्रीराम जन्मोत्सव, उपनयन संस्कार, श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव, फुलवारी प्रसंग, धनुष यज्ञ और परशुराम-लक्ष्मण संवाद जैसे आकर्षक प्रसंगों का मंचन किया जाएगा.
मंदिर परिसर में सजावट का कार्य तेज
कार्यक्रम को लेकर बाबा ब्रह्मदेव स्थान मंदिर परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य जोर-शोर से चल रहा है. मंदिर को आकर्षक रूप देने के लिए रंग-बिरंगी लाइटें और विशेष सजावट की तैयारी भी की जा रही है.ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे लेकर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं.
आयोजन को सफल बनाने में जुटे ग्रामीण
सीताराम विवाह महोत्सव को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है. आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है.